

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पोलिंग बूथों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, मतदान के दौरान बिजली की किसी भी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। खासकर आंधी-तूफान या खराब मौसम की स्थिति में भी मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो, इस पर पूरा ध्यान दिया गया है। विद्युत विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 60,000 पोलिंग बूथों पर (सीईएससी एरिया छोड़कर) बिजली की व्यवस्था की जा रही है। इन बूथों में से करीब 50,000 पर बैकअप बिजली की सुविधा उपलब्ध रहेगी यानी यदि मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित होती है, तो तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। इसके लिए जेनरेटर, इन्वर्टर और अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। बाकी 10,000 बूथों के लिए रिजर्व व्यवस्था रखी गई है। इसका अर्थ है कि जरूरत पड़ने पर इन स्थानों पर तुरंत अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस पूरी योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी परिस्थिति में मतदान प्रक्रिया बाधित न हो। सभी पोलिंग बूथों पर आवश्यक सुविधाएं जैसे पंखा, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी की व्यवस्था होगी।