CM शुभेंदु ने वित्त मंत्री निर्मला के साथ की बैठक, विकास पर दिया जोर

जनधन, मुद्रा, केसीसी समेत योजनाओं के क्रियान्वयन की होगी समीक्षा

CM शुभेंदु ने वित्त मंत्री निर्मला के साथ की बैठक, विकास पर दिया जोर
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ राज्य में विकास, बैंकिंग पहुंच और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने, बैंकिंग सेवाओं का दायरा बढ़ाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

योजनाओं की पहुंच का होगा आकलन

सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में चल रही विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं की व्यापक समीक्षा का निर्णय लिया है। इसके तहत बैंकों को यह आकलन करने की जिम्मेदारी दी जाएगी कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

जल्द होगी बैंकों के साथ बैठक

वित्त मंत्रालय जल्द ही बैंकों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करेगा। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), जनधन खातों, मुद्रा ऋण और अन्य वित्तीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी जहां योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की आवश्यकता है।

निवेश और रोजगार पर रहेगा फोकस

सूत्रों के मुताबिक राज्य में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, उद्योग संगठनों और एमएसएमई प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना, ऋण उपलब्धता को आसान बनाना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक की कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत पात्र परियोजनाओं को सहयोग देने पर भी सहमति बनी है। केंद्र सरकार राज्य में निवेश, आधारभूत ढांचे और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए नई पहलों पर भी विचार कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in