

कोलकाता : राज्य की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लगातार प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव और सख्ती ला रहे हैं। गुरुवार को नवान्न में शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ हुई वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों और आयोजनों में निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में माइक बजाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर तय साउंड लिमिट का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यावरण न्यायाधिकरण के नियमों के मुताबिक, आवासीय क्षेत्रों में अधिकतम 55 डेसिबल तक ध्वनि की अनुमति है, जबकि विशेष अवसरों पर पहले 65 डेसिबल तक छूट दी जाती थी।
नयी सरकार ने अब इन नियमों को और सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार निगरानी रखी जाए और तय समय के बाद या अत्यधिक आवाज में माइक बजने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक अनुष्ठान केवल निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं।
बैठक में वाहनों के जरिए अवैध पशु परिवहन पर भी सख्त रुख अपनाया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि गैरकानूनी पशु परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही खुले में पशु हत्या रोकने और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए भी पुलिस को आदेश दिये गये।