

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नवान्न में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी युवा साथी योजना को 1 अप्रैल से लागू किया जाएगा। पहले इस योजना को 15 अगस्त से शुरू करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन वित्तीय वर्ष की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसकी समय-सीमा में बदलाव किया है। सीएम ने बताया कि युवा साथी योजना उन युवाओं के लिए है जिन्होंने कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण की है और जिनकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच है। इस योजना के तहत पात्र युवाओं को अगले पांच वर्षों तक प्रति माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद योजना की समीक्षा की जाएगी।
15 से 26 फरवरी तक लगेंगे 'दुआरे सरकार' शिविर
उन्होंने स्ष्ट किया कि ऐक्यश्री, मेधाश्री, शिक्षाश्री और स्टूडेंट स्मार्ट कार्ड जैसी छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभार्थी भी युवा साथी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यदि कोई युवा पहले से किसी अन्य ऐसी योजना का लाभ ले रहा है जिसमें नियमित वित्तीय सहायता मिलती है, तो वह इस योजना के अंतर्गत पात्र नहीं होगा। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन होगी। इसके लिए राज्य की सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में ‘दुआरे सरकार’ के तर्ज पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर 15 फरवरी से 26 फरवरी तक, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। शिविरों में युवा एवं खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आवेदन पूरी तरह डिजिटाइज्ड प्रक्रिया के तहत दर्ज किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्थायी भविष्य की ओर आगे बढ़ने में सहयोग देना है।
शैलो ट्यूबवेल के लिए 2,000 रुपये तक के शुल्क माफ
मुख्यमंत्री ने कृषक बंधु योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत किसानों को मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये का मुआवजा और फसल बीमा दिया जाता है। साथ ही सिंचाई जल एवं शैलो ट्यूबवेल के लिए 2,000 रुपये तक के शुल्क को माफ करने की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी भंडार योजना के तहत बढ़ी हुई राशि फरवरी से लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने रमजान, होली, ईद और राम नवमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।