निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया में सरकारी सड़क परियोजना 'आमदेर पाड़ा, आमदेर समाधान' को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में धारदार हथियार के हमले से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सामिनुर इस्लाम मंडल के रूप में हुई है।
घटना बादुड़िया थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के उत्तरपाड़ा की है। बताया जा रहा है कि सामिनुर इस्लाम मंडल के घर की ओर जाने वाली सड़क को ढलाई करने का काम शुरू होना था। जैसे ही मिस्त्री काम शुरू करने पहुंचे, पड़ोसी अब्बासउद्दीन और उसके बेटे सलाउद्दीन ने निर्माण कार्य में बाधा डाली। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और फिर संघर्ष शुरू हो गया।
मृतक के चचेरे भाई बबलू मंडल के अनुसार, विवाद के दौरान अचानक हमलावरों ने सामिनुर के पेट में चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ सामिनुर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत बादुड़िया रुद्रपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संघर्ष में घायल हुए अन्य पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।