बांकड़ा के प्राथमिक स्कूलों का सीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण !

CJP Delegation Inspects Primary Schools in Bankra Howrah
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : प्राथमिक स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं और पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार दोपहर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधिमंडल ने बांकड़ा के दो प्राथमिक स्कूलों का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुंशी डांगा प्राथमिक बालक विद्यालय और बांकड़ा सरदारपाड़ा प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई। निरीक्षण के बाद तैयार सर्वे रिपोर्ट राज्य शिक्षा विभाग को भेजने की बात कही गई है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दोनों स्कूलों में क्लासरूम, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और मिड-डे मील की रसोई का निरीक्षण किया। शिक्षकों से स्कूल की आधारभूत संरचना, शिक्षकों की उपलब्धता और शिक्षण व्यवस्था को लेकर भी बातचीत की गई। इसके साथ ही 10 सवालों वाली प्रश्नावली के माध्यम से स्कूलों की समस्याओं और कमियों को दर्ज किया गया।

कक्षाओं, शौचालय, पेयजल और मिड-डे मील की व्यवस्था का लिया जायजा

सीजेपी के को-ऑर्डिनेटर देशप्रिय गांगुली ने आरोप लगाया कि प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए पर्याप्त बेंच नहीं हैं और उन्हें जमीन पर बैठकर पढ़ना पड़ता है। उन्होंने स्कूल परिसर में कचरा और शौचालय से दुर्गंध की शिकायत का भी उल्लेख किया। शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण पढ़ाई प्रभावित होने का दावा भी किया गया। स्थानीय लोगों ने शिक्षकों के समय पर स्कूल नहीं पहुंचने और नियमित पढ़ाई नहीं होने की शिकायत की। हालांकि, स्कूल के एक शिक्षक ने इन आरोपों से अलग जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेंच से गिरकर घायल होने की घटनाओं के कारण उन्हें जमीन पर बैठाकर पढ़ाया जाता है। उन्होंने स्कूल परिसर में कचरा होने से भी इनकार किया। सीजेपी के अनुसार, निरीक्षण से प्राप्त जानकारी को रिपोर्ट के रूप में शिक्षा विभाग को भेजा जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in