

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के सरकारी अस्पताल में शनिवार से सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। राज्य सरकार की पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 7 किशोरियों को टीका लगाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें टीकाकरण के महत्व और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर जानकारी दी गई। राज्य सरकार ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए इस विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की है। पूरे राज्य में 7 लाख से अधिक किशोरियों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है तथा 235 स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से यह अभियान चलाया जाएगा।
7 किशोरियों को लगाया गया टीका
केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए 7 लाख 72 हजार 650 डोज उपलब्ध करायी गयी हैं। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में हावड़ा जिला मजिस्ट्रेट व कलेक्टर डॉ. पी. दीपाप प्रियाविधायक, संजय सिंह, उमेश राय, रूद्रनील भट्टाचार्य, अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. नारायण चक्रवर्ती सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अस्पताल की आधारभूत संरचना, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेफरल व्यवस्था में सुधार तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।