नदी में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को बीएसएफ ने बचाया

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

नयी दिल्ली : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट गंगा नदी में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को बचा लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार शाम उस वक्त हुई, जब बीएसएफ की 71वीं बटालियन के जवानों ने खंडुआ सीमा चौकी के निकट मुसीबत में फंसे लोगों को देखा।

अधिकारियों ने बताया कि इस समूह में 30 दिन का एक शिशु, दो बच्चे और तीन महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने बताया कि नदी में उनकी नाव पलट जाने के बाद सभी को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने उन तक पहुंचने के लिए स्पीडबोट की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार बांग्लादेशी नागरिकों ने बताया कि वे जौहरपुर गांव के निवासी हैं और चापाई नवाबगंज से बांग्लादेश के जौहरपुर जा रहे थे कि इसी दौरान उनकी नाव अचानक पलट गई, जिससे सभी यात्री नदी में गिर गये और बहते हुए भारतीय सीमा की ओर आ गए। उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और इसके बाद सरकारी अस्पताल ले जाया गया उन्होंने बताया कि उनकी हालत स्थिर होने के बाद बीएसएफ ने उन्हें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के अपने समकक्ष अधिकारियों को सौंप दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in