BSF ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के साथ दो तस्करों को दबोचा

BSF nabs two smugglers with gold worth over Rs 3 crore at India-Bangladesh border
सोने के साथ दोनों तस्करों को किया गया गिरफ्तार
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के दक्षिण बंगाल सीमांत जवानों ने सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उत्तर 24 परगना जिले में स्थित 102वीं वाहिनी की सीमाचौकी घोजाडांगा चेक पोस्ट पर की गई।

बीएसएफ ने ट्रक के केबिन में छिपाकर रखे गए 20 अवैध सोने के बिस्कुट जब्त किए हैं। जब्त किए गए इस सोने का कुल वजन 2332.845 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ 2 लाख 10 हजार 343 रुपये आंकी गई है।

बीएसएफ की सीमा चौकी घोजाडांगा के जवानों को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि दो भारतीय तस्कर, बांग्लादेश से तस्करी करके लाए गए अवैध सोने को एक ट्रक के कैबिन में छिपाकर रखा है, और वे इसे भारत के आंतरिक हिस्सों में तस्करी करने के उद्देश्य से घोजाडांगा चेकपोस्ट पार करने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, जवानों ने चेकपोस्ट पर सतर्कता बढ़ा दी। जैसे ही संबंधित ट्रक चेकपोस्ट से गुजरने लगा, जवानों ने उसे रोककर गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान, जवानों ने ट्रक के कैबिन के अंदर एक गुप्त स्थान से बड़ी कुशलता से छिपाए गए 20 सोने के बिस्कुट बरामद किए और दोनों तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्तों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सौंपा था सोना

गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों उत्तर 24 परगना जिले के ही निवासी हैं। उन्होंने अपनी पहचान ईंट भट्ठे में मजदूर और वाहन चालक के रूप में बताई।

तस्करों ने बीएसएफ को बताया कि यह अवैध सोना उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने सौंपा था। उनका काम केवल इस सोने को घोजाडांगा चेक पोस्ट पार कराने के बाद एक अन्य व्यक्ति को सौंपना था। इस काम के बदले में उन्हें मोटी रकम देने का वादा किया गया था। हालांकि, बीएसएफ की त्वरित कार्रवाई के कारण वे अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके और उन्हें सोने की भारी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

बीएसएफ ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक, जब्त सोने के बिस्कुट, और दोनों गिरफ्तार तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग (संभवतः राजस्व खुफिया निदेशालय - DRI या कस्टम) को सौंप दिया है। बीएसएफ के अधिकारियों ने दोहराया है कि वे सीमा पर तस्करी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in