BJP CM को जेल से आया कॉल, जान से मारने की धमकी दी गई

पुलिस ने शुरू की जांच
BJP CM को जेल से आया कॉल, जान से मारने की धमकी दी गई
Published on: 

नई दिल्ली - राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात एक फोन कॉल के जरिए यह धमकी दी गई थी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और पाया कि यह धमकी दौसा जिले की सालावास जेल में बंद एक कैदी द्वारा दी गई थी।

धमकी देने वाले कैदी की पहचान 29 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई है, जो दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा है। उसने जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान फोन की लोकेशन सालावास जेल से जुड़ी पाई गई। पुलिस के इनपुट पर सालावास जेल में सुबह 3 बजे से 7 बजे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जेल से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

पहली बार नहीं हो रहा है ऐसा

पिछले साल जुलाई में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी। दिलचस्प बात यह है कि धमकी देने का तरीका एक जैसा था। पिछले साल भी आरोपी ने जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके धमकी दी थी, और इस बार भी वही तरीका अपनाया गया। उस समय भी जेल में तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें पुलिस को 10 मोबाइल फोन मिले थे। जुलाई में भी दुष्कर्म के आरोपी ने मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी। उस वक्त आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग के निवासी नीमो के रूप में हुई थी।

उस वक्त कॉल के बाद सरकार ने कड़ी कार्रवाई की थी और जयपुर सेंट्रल जेल के कार्यवाहक अधीक्षक ओम प्रकाश, हेड वार्डन अजय सिंह राठौड़ और मनीष यादव को निलंबित कर दिया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News