

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से हुई भीषण त्रासदी पर बंगाल सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गयी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने इस प्राकृतिक आपदा में अपने प्रियजनों से बिछड़े सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए अधिकांश तीर्थयात्रियों सहित 100 से अधिक भारतीयों के लापता होने की खबरों को लेकर मैं बेहद चिंतित हूं।
सीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल हमारे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल और प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। सीएम ने सोशल साइट पर लिखा कि पश्चिम बंगाल सरकार काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और उचित प्रशासनिक माध्यमों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रही है। पश्चिम बंगाल से लापता या प्रभावित लोगों की सटीक संख्या का फिलहाल पता लगाया जा रहा है और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। फंसे हुए लोगों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा रही है और उनकी स्थिति पर रियल टाइम में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि शीघ्र सहायता और बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। फंसे हुए सभी लोगों की सुरक्षा, शीघ्र बचाव और उनके कुशल-क्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:
भारतीय दूतावास, नेपाल (calls एवं WhatsApp):
+977 985 131 6807
+977 970 910 7500
भवानी भवन, कोलकाता में अलग पुलिस कंट्रोल रूम कार्यरत है:
03324793311
9147890181