बशीरहाट में दुर्गा पूजा के दौरान दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

हथियार और चोरी की बाइक बरामद
Bashirhat Arrests: Two Notorious Criminals Arrested with Arms, Stolen Bike
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी दौरान माटिया थाना पुलिस ने नाका चेकिंग और सघन तलाशी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को अवैध हथियार के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों की पहचान शेख अब्दुल्ला उर्फ प्रिंस और शेख इम्तियाज आलम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे थे।

कई गंभीर आपराधिक मामलों में थे वांटेड

पुलिस के अनुसार, दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी देना, रंगदारी वसूलना, मछली की भेड़ी (तालाब) लूटना, डकैती और छिनताई जैसे कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से इनकी तलाश कर रही थी, और पूजा के दौरान इनकी सक्रियता की आशंका के चलते नाका चेकिंग के दौरान इन्हें दबोच लिया गया।

हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

माटिया थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट (महकमा अदालत) में पेश किया है। अदालत से रिमांड लेकर पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इतने खतरनाक हथियार कहां से लेकर आए थे और चोरी की इस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। इसके साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in