बरानगर में भाजपा कर्मी पर जानलेवा हमला, तनाव

बीच-बचाव करने आई बहन भी घायल
Baranagar Violence: BJP Leader Somnath Dhar Attacked with Sharp Weapons, Sister Injured.
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर : बरानगर इलाके में बुधवार की रात भाजपा कर्मी पर जानलेवा हमले की घटना को लेकर तनाव व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार बरानगर के 24 नंबर वार्ड के नैनान पाड़ा निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष सोमनाथ धर को उनके घर के सामने ही निशाना बनाया गया। आरोप है कि अपराधियों ने उन पर भुजाली से ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान सोमनाथ को बचाने आई उनकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के पीछे की मुख्य वजह संपत्ति और जबरन कब्जा बताया जा रहा है।

मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं

स्थानीय सूत्रों और भाजपा नेता के परिवार का आरोप है कि इलाके में एक घर पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही थी, जिसका सोमनाथ ने कड़ा विरोध किया था। इसी विरोध से उपजी रंजिश के कारण हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। परिवार का दावा है कि शुभंकर और रंजीत धर नामक दो व्यक्ति तृणमूल के प्रभाव का इस्तेमाल कर लंबे समय से सोमनाथ को धमका रहे थे। वे सोमनाथ के पुश्तैनी घर के एक हिस्से पर कब्जा कर वहां प्रमोटिंग करना चाहते थे, लेकिन सोमनाथ इसके लिए तैयार नहीं थे। बुधवार की रात यह विवाद हिंसक रूप ले लिया जब आरोपितों ने अचानक सोमनाथ पर हमला बोल दिया। सोमनाथ के पेट और पैर पर गंभीर घाव हुए हैं। इस घटना के बाद पूरे बरानगर इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। सूचना मिलते ही बरानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में अब तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in