बीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से भाई-बहन की मौत, पिता घायल

बरानगर में मल्लिक कॉलोनी के पास हुआ हादसा, स्कूल जा रहे थे दोनों बच्चे,स्थानीय लोगों ने किया विरोध-प्रदर्शन
Baranagar BT Road Accident: Siblings Killed, Father Injured in Truck Collision
घायल पिता अभिषेक साव को अस्पताल पहुंचाया गया
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर : बारानगर थाना अंतर्गत मल्लिक कॉलोनी के पास बीटी रोड पर शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। सूचना मिलते ही बरानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मिली जानकारी के अनुसार 77बी राजा राममोहन सरणी, अम्हर्स्ट स्ट्रीट निवासी अभिषेक साव अपने दोनों बच्चों को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान मल्लिक कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में आराध्या साव (9), जो डनलप स्थित खालसा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा तीन की छात्रा थी और उसका भाई आरव साव (6), जो उसी स्कूल में यूकेजी का छात्र था, की मौके पर ही मौत हो गई।

अव्यवस्थित निर्माण सामग्री को बताया दुर्घटना की वजह  

हादसे में पिता अभिषेक साव के पैर में गंभीर चोट आई है। उन्हें पहले सागर दत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। परिवार में बच्चों की मां श्वेता साव हैं, जिन पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे प्रमोटरों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से रखी गई स्टोन चिप्स और निर्माण सामग्री को हादसे का एक बड़ा कारण बताया। लोगों का आरोप है कि सड़क पर फैली इन बाधाओं के कारण वाहन ड्राइवर्स को सुरक्षित निकलने में कठिनाई होती है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in