

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बाली इलाके में निवेदिता सेतु के संपर्क मार्ग और 54 नंबर बस स्टैंड के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित वैकल्पिक सड़क निर्माण के लिए सरकारी जमीन का सर्वे कराया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत सड़क किनारे स्थित करीब 25 अवैध दुकानों, गुमटियों और चाय के स्टालों को हटाने के लिए प्रशासनिक नोटिस जारी किया गया है। साथ ही ऑटो-टोटो स्टैंड और एक फव्वारे को भी वहां से स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निवेदिता सेतु संपर्क मार्ग और 54 नंबर बस स्टैंड के पास सर्वे जारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बाली ब्रिज को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला पुराना 'सदर्न वायाडक्ट' काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। भविष्य में इसे तोड़कर दोबारा निर्मित करने की योजना है। इस दौरान दक्षिणेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों के आवागमन को सुचारु रखने के लिए एक मजबूत वैकल्पिक मार्ग का होना अनिवार्य है। हाल ही में इस पुल की भार वहन क्षमता जांचने के लिए इसे 72 घंटे बंद रखकर विस्तृत समीक्षा की गई थी, जिसके बाद एसडीएम हावड़ा ने वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।
दूसरी ओर, अचानक मिले बेदखली के नोटिस से स्थानीय छोटे कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पिछले 30-40 वर्षों से दुकान चला रहे व्यापारियों को अपनी आजीविका का संकट सता रहा है। दुकानदारों को डर है कि प्रशासन किसी भी समय बुलडोजर चलाकर उनकी दुकानें हटा सकता है। प्रभावित कारोबारियों ने अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए प्रशासन से उचित पुनर्वास और वैकल्पिक जगह दिए जाने की गुहार लगाई है।