

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : श्री विजयपुरम नगरपालिका परिषद वर्तमान में पेयजल की उपलब्धता में कमी का सामना कर रही है, जो मौसमी एवं परिचालन संबंधी कारणों से आने वाले दिनों में और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना नगर प्रशासन की प्राथमिकता है। इस संदर्भ में सभी नागरिकों से जल संरक्षण हेतु सहयोग की अपील की जाती है, ताकि पेयजल, भोजन पकाने एवं आवश्यक घरेलू उपयोग जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सभी 24 वार्डों में समान रूप से सुनिश्चित की जा सके। अस्थायी किन्तु आवश्यक कदम के रूप में नागरिकों से तत्काल प्रभाव से गैर-आवश्यक कार्यों के लिए पेयजल के उपयोग से परहेज करने का अनुरोध किया जाता है, जिनमें कार, बाइक एवं अन्य वाहनों की धुलाई, होज़ पाइप से परिसरों, सड़कों एवं आंगनों की सफाई, लॉन, बगीचों एवं सजावटी पौधों को पानी देना, निर्माण कार्यों, विशेषकर क्योरिंग के लिए पेयजल का उपयोग, सब्ज़ियां एवं बर्तन धोने के पानी का पुनः उपयोग तथा सफाई या फ्लशिंग हेतु करना और नलों एवं पाइपों की नियमित जांच कर किसी भी रिसाव की तुरंत सूचना देना आदि प्रमुख हैं। संरक्षण के ये छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में जल की बचत कर सकते हैं और यह सुनिश्चित करने में सहायक होंगे कि कोई भी परिवार मूलभूत जल आपूर्ति से वंचित न रहे। नगरपालिका परिषद होटल, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं बड़े उपभोक्ताओं से भी अपील करती है कि वे जल-संरक्षण उपाय अपनाएं तथा जहां संभव हो, पुनर्चक्रित या गैर-पेयजल स्रोतों का उपयोग करें। श्री विजयपुरम नगरपालिका परिषद आश्वस्त करती है कि जल वितरण दक्षता में सुधार, रिसाव नियंत्रण एवं जहां संभव हो आपूर्ति बढ़ाने सहित अनेक उपाय समानांतर रूप से किए जा रहे हैं। नागरिकों को नियमित रूप से अद्यतन जानकारी प्रदान की जाएगी।