चुनावी सख्ती के बीच मतदान के दिन नियमों की उड़ीं धज्जियां

पोर्ट इलाके में मतदान के दिन खुलेआम हुआ नियमों का उल्लंघन
चुनावी सख्ती के बीच मतदान के दिन नियमों की उड़ीं धज्जियां
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सुबह की हल्की धूप और मतदान की हलचल के बीच सड़कों पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां जिम्मेदारी से ज्यादा लापरवाही हावी दिखी। इस दौरान यह भी स्पष्ट था कि मतदान के दिन चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी भी प्रकार की फालतू बाइक रैली या बिना अनुमति वाहन संचालन पर रोक थी, इसके बावजूद कई जगहों पर इसका पालन नहीं हुआ। खासकर पोर्ट इलाके के विभिन्न जगहों पर मतदान के दिन कई बाइक सवार नियमों को ताक पर रखकर बेखौफ घूमते नजर आए। यातायात नियमों के अनुसार दोपहिया वाहन पर चालक सहित अधिकतम दो लोगों के बैठने की अनुमति होती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही थी। कई जगहों पर एक ही बाइक पर तीन-तीन लोग सवार होकर सड़कों पर फर्राटा भरते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, बड़ी संख्या में लोगों ने हेलमेट का उपयोग भी नहीं किया, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मतदान जैसे महत्वपूर्ण दिन पर प्रशासन की ओर से सख्ती और निगरानी के दावे किए गए थे, लेकिन कई क्षेत्रों में इसका असर कम दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ इलाकों में पुलिस की मौजूदगी कम होने के कारण लोग मनमानी करते रहे और खुलेआम नियमों का उल्लंघन होता रहा। मतदान के दिन का यह दृश्य एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि नियमों का पालन केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सख्ती से होना चाहिए।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in