

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: पुरुलिया में मृतक सुखेन महतो के परिवार से मिलने के बाद शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने महाराष्ट्र में हुई निर्मम हत्या को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस तरीके से महतो का हत्या की गई, वह बेहद खौफनाक है। महाराष्ट्र पुलिस यह सुनिश्चित करे कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। यदि आरोपियों को जमानत मिलती है तो पुलिस को उसका विरोध करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महाराष्ट्र पुलिस ऐसा करने में असमर्थ रहती है तो मामला पश्चिम बंगाल को सौंप दिया जाए, हम 50 दिनों के भीतर मामले को सुलझा देंगे।
अभिषेक ने कहा कि पुरुलिया से भाजपा के सांसद हैं, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार है, इसलिए उन्हें इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से बात कर परिवार को न्याय दिलाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं अधिकतर भाजपा शासित राज्यों में हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो तृणमूल विधायक दल का एक प्रतिनिधिमंडल और परिवार के सदस्य महाराष्ट्र जाएंगे। परिवार को हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी। कोलकाता लौटकर वह मुख्यमंत्री को सूचित करेंगे कि आरोपियों को जमानत न मिले, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
साथ ही उन्होंने मृतक के दोनों भाइयों को पश्चिम बंगाल में नौकरी देने का अनुरोध करने की बात कही, क्योंकि परिवार ने पुणे वापस न जाने की इच्छा जताई है। कल दोपहर 3 से 4 बजे के बीच जिले के सभी ब्लॉक और नगर क्षेत्रों में न्याय की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला जाएगा।