

कोलकाता : भवानीपुर स्थित मित्रा इंस्टीट्यूशन में बुधवार की सुबह मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने जबरदस्त आत्मविश्वास जताया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस चौथी बार और भी बड़े जनादेश के साथ सरकार बनाएगी, जबकि भाजपा 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “निर्भय, स्वतंत्र और सिर ऊंचा रखकर” मतदान करें।
अभिषेक ने आरोप लगाया कि राज्य में डर का माहौल भाजपा और चुनाव ड्यूटी में तैनात केंद्रीय बलों द्वारा बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सीआरपीएफ और आईटीबीपी जैसे अर्धसैनिक बल आम लोगों, खासकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं और कई जगहों पर घरों में घुसकर तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।
बाली में लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों मतदाताओं को जबरन वोट देने से रोका गया। भाजपा के “डर आउट, भरोसा इन” नारे पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि असल में डर और आतंक का माहौल वही बना रही है, जबकि बंगाल के लोगों के लिए भरोसे का प्रतीक तृणमूल कांग्रेस और ‘दीदी’ हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल के साथ कथित भेदभाव, अपमान और संस्कृति का मजाक उड़ाने का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से ईवीएम के जरिए देगी। चुनावी नतीजों को लेकर उन्होंने 2021 का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के दावे पहले भी गलत साबित हुए थे और इस बार भी पार्टी 50 से नीचे सिमट जाएगी।
अंत में उन्होंने मतदाताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे अपने अधिकार का निर्भय होकर उपयोग करें और ऐसा जनादेश दें कि भविष्य में कोई भी बंगाल की ओर आंख उठाने से पहले कई बार सोचे।