नाले से बरामद की गयी भारी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं !

A large quantity of expired medicines was recovered from the drain.
इस अवस्था में बरामद हुईं मियाद पूरी हो चुकी दवाएंREP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : उत्तर 24 परगना के बादुड़िया ब्लॉक अंतर्गत रामचंद्रपुर उदय ग्राम पंचायत के मशिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सुबह स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक परित्यक्त नाली से भारी मात्रा में 'एक्सपायर्ड' (अवधि पार) दवाएं बरामद की गईं। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

गरीबों को दवा नहीं, नाली में फेंका जखीरा

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि 1999 में नयाबस्तिया मिलनी और रामचंद्रपुर ग्राम पंचायत के हजारों लोगों की सुविधा के लिए यह केंद्र बनाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी ढांचा चरमरा गया है और अक्सर मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने पर मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में नाली में सरकारी दवाओं का मिलना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है।

नजरुल इस्लाम नामक एक निवासी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा, "एक ओर गरीब लोग दवा के लिए भटक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जीवन रक्षक दवाओं को जानबूझकर एक्सपायर होने दिया गया और अब उन्हें नाली में फेंक दिया गया है।"

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने दिया जांच का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक शुभंकर राय ने कहा, "हम इस मामले की जांच कर रहे हैं। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ये दवाएं इसी स्वास्थ्य केंद्र की हैं या बाहर से किसी ने फेंकी हैं। पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।" हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं की विफलता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in