

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय बलों की 50 कंपनियां और भेजी जा रही हैं। इससे पहले राज्य में केंद्रीय बलों की 50 कंपनियां पहले से ही मौजूद हैं। नई तैनाती के बाद राज्य में केंद्रीय बलों की कुल 100 कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्रीय बलों की इन अतिरिक्त कंपनियों को राज्य के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने में राज्य पुलिस की सहायता करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना होगा।
केंद्रीय बलों के जवान स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। केंद्रीय बलों की तैनाती इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मिलकर स्थिति पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा सहित कई उत्सव सामने है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होती।