इतिहास के सबसे गर्म वर्षों में से एक रहेगा 2026 : WMO

जनवरी से सितंबर के बीच 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तापमान
New Delhi
वर्ष के अंत तक तापमान और बढ़ने के आसार
Published on: 

नयी दिल्ली : यह साल यानी 2026 ज्ञात मौसम इतिहास के चार सबसे गर्म वर्षों में से एक होगा, क्योंकि इस साल जनवरी से सितंबर के बीच की अवधि में वैश्विक औसत तापमान पूर्व-औद्योगिक काल (1850 से 1900 के बीच की अवधि के औसत तापमान) के मुकाबले 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

वर्ष के अंत तक तापमान और बढ़ने के आसार

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की नयी रिपोर्ट के अनुसार 2026 में वैश्विक औसत तापमान में वृद्धि का यह आंकड़ा 2025 और 2023 में पूरे साल में दर्ज की गयी औसत बढ़ोतरी से अधिक है, जबकि 2024 (जिसे ज्ञात मौसम इतिहास के सबसे गर्म वर्ष के तौर पर दर्ज किया गया है) के मुकाबले यह थोड़ा ही कम है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2026 के अंत तक तापमान वृद्धि के आंकड़े के और बढ़ने की आशंका है, जिसकी वजह ‘अल नीनो’ का प्रभाव है, जो अगस्त से लगातार जोर पकड़ रहा है और जिसके दिसंबर तक अब तक के सबसे शक्तिशाली स्तर पर पहुंचने की आशंका है।

पिछले चार साल इतिहास के सबसे गर्म वर्ष

WMO ने तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) के पहले दिन शुक्रवार को ‘स्टेट ऑफ द क्लाइमेट रिपोर्ट’ जारी की। WMO महासचिव सेलेस्टे साउलो ने कहा कि पिछले चार साल 177 वर्षों के ज्ञात मौसम इतिहास के सबसे गर्म वर्ष रहे हैं और महासागरों का तापमान भी लगातार दसवें साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

मौजूदा ‘अल नीनो’ के अब तक के सबसे शक्तिशाली ‘अल नीनो’ में से एक होने का अनुमान है और समुद्र से निकलने वाली गर्मी 2027 तक तापमान वृद्धि तथा चरम मौसम परिस्थितियों को बढ़ावा देती रहेगी।

पृथ्वी का ऊर्जा असंतुलन बढ़ा

WMO की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक तापमान में वृद्धि का मुख्य कारण यह है कि पृथ्वी का ऊर्जा असंतुलन बढ़ रहा है और उसमें तेजी से गर्मी जमा हो रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह असंतुलन मौसम का दस्तावेजीकरण शुरू होने के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, क्योंकि ग्रीनहाउस गैस बहुत बड़ी मात्रा में गर्मी को रोक रही हैं, जिससे सूर्य से आने वाली ऊर्जा और बाहर जाने वाली ऊर्जा के बीच का संतुलन बिगड़ गया है।

इससे पता चलता है कि वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड की सांद्रता 1750 में लगभग 278 PPM (पार्ट्स प्रति मिलियन) से 53 फीसदी बढ़कर 2025 में लगभग 426.8 PPM हो गयी है। वैश्विक स्तर पर मीथेन की औसत सांद्रता 1750 में 729 PPB (पार्ट्स प्रति बिलियन) थी, जो 167 फीसदी बढ़कर 2025 में 1,948 PPB हो गयी। इसके जाये महासागर अतिरिक्त गर्मी का 90 फीसदी हिस्सा सोख लेते हैं और 2026 लगातार दसवां ऐसा वर्ष होने की राह पर है, जब महासागरों का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज किया जायेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News