मणिपुर में घात लगाकर हमला, चार नगा नागरिकों के शव बरामद

मृतकों में एक निजी स्कूल के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य भी शामिल
मणिपुर में घात लगाकर हमला, चार नगा नागरिकों के शव बरामद
Published on

इंफाल : मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बृहस्पतिवार सुबह हथियारबंद हमलावरों द्वारा किए गए घात लगाकर हमले में मारे गए चार नगा नागरिकों के शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। मृतकों में एक निजी स्कूल के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह हमला बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मकुई अशांग और थानाम्बा नगा गांवों के बीच एक सुनसान इलाके में हुआ। हथियारबंद हमलावरों ने वहां से गुजर रहे एक वाहन को निशाना बनाया। अचानक किए गए हमले में वाहन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और मृतकों के शवों को बरामद करने का प्रयास किया। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम सुरक्षा बलों का दल घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। रास्ते में एक गांव में कथित नाकेबंदी और व्यवधान के कारण अभियान को रोकना पड़ा। इसके बाद शुक्रवार सुबह मणिपुर पुलिस का एक सुरक्षा दल घटनास्थल पर पहुंचा और वहां पड़े चारों शवों को बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए सेनापति जिला मुख्यालय ले जाया जा रहा है। हमले में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है तथा हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया गया है। हालांकि, अभी तक हमले के पीछे किसका हाथ था और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ऐसे समय हुई है जब मणिपुर के विभिन्न हिस्सों में जातीय तनाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। 

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in