शतरंज टूर पायलट टूर्नामेंट में प्रज्ञाननंदा, एरिगेसी और वैशाली के सामने कड़ी चुनौती

प्रतियोगिता में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन सहित कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे
Budapest
टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट टूर्नामेंट
Published on: 

बुडापेस्ट : भारत के तीन शीर्ष शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी और आर वैशाली को मंगलवार से यहां शुरू हो रहे टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट टूर्नामेंट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। प्रतियोगिता में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन सहित कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की क्षमता को तेज क्लासिकल, रेपिड और ब्लिट्ज तीनों प्रारूपों में परखा जायेगा।

दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी प्रज्ञानानंदा इस प्रतियोगिता में भारत के प्रमुख दावेदारों में शामिल होंगे। उन्होंने इस साल की शुरुआत में नॉर्वे चेस और ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतकर इतिहास रचा था और फिर ग्रैंड चेस टूर के फाइनल में अमेरिका के फाबियानो करुआना को 15-13 से हराया था।

समय नियंत्रण के अलग-अलग प्रारूपों वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की अनुकूलन क्षमता की भी परीक्षा होगी। विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद एरिगेसी (23) भी हाल के महीनों में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद इस प्रतियोगिता में उतरेंगे।

एरिगेसी समरकंद में हुए शतरंज ओलंपियाड में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। चौबीस खिलाड़ियों की इस प्रतियोगिता में शामिल केवल दो महिला खिलाड़ियों में से एक वैशाली ने अप्रैल में महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का खिताब जीता था।

इसके साथ ही उन्होंने विश्व खिताब के लिए चीन की जू वेनजुन को चुनौती देने का अधिकार हासिल किया। भारतीय तिकड़ी को पांच बार के विश्व चैंपियन कार्लसन की अगुआई वाले मजबूत खिलाड़ियों के समूह से चुनौती मिलेगी।

अमेरिका के ग्रैंडमास्टर करुआना और वेस्ली सो, उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा, विनसेंट कीमर, इयान नेपोमनियाची और अनीश गिरी भी 24 खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News