'वनडे में रोहित के साथ पारी का आगाज करें सूर्यवंशी'

गिल को चौथे नंबर पर भेजने और सूर्यवंशी को रोहित के साथ ओपनिंग में उतारने का सुझाव, विराट तीसरे नंबर पर; इंजीनियर बोले, वनडे में बाएं-दाएं हाथ का संतुलन भारत की बल्लेबाजी को देगा नई मजबूती
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

नयी दिल्ली : पूर्व भारतीय क्रिकेटर फारूख इंजीनियर का मानना है कि 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को रोहित शर्मा के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में वनडे अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। बीते जमाने के विकेटकीपर बल्लेबाज का मानना है कि रोहित के साथ पारी का आगाज करने वाले शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, जिससे मध्य क्रम को और मजबूती मिलेगी। इंजीनियर ने कहा, ‘आदर्श स्थिति शुभमन गिल और वैभव सूर्यवंशी की है।

गिल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मेरे विचार से गिल इस समय टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। इसलिए गिल को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘गिल गेंद को हवा में उठाकर नहीं मारते हैं। इसके अलावा वनडे में बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन आदर्श रहेगा। मेरा मानना है कि रोहित को टीम में रहना चाहिए और उन्हें सूर्यवंशी के साथ पारी की शुरुआत करनी चाहिए।’ इंजीनियर ने कहा, ‘सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करने के लिए आदर्श खिलाड़ी है।

विराट कोहली तीसरे और गिल चौथे नंबर पर आ सकते हैं। इससे भारत की बल्लेबाजी भी मजबूत हो जाएगी।’ सूर्यवंशी ने जिंबॉब्वे के खिलाफ T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इंजीनियर ने कहा कि इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को वनडे टीम में शामिल करने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि सूर्यवंशी को भारत की वनडे टीम में शामिल करने का यही सही समय है। मुझे समझ नहीं आता कि लोग वनडे और T-20 में इतना अंतर क्यों करते हैं। वह रन बना रहा है और उसमें पारी की शुरुआत करने का आत्मविश्वास भी है।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in