

दोहा : भारतीय निशानेबाज नीरज कुमार ने बुधवार को यहां ISSF विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया। इस चैंपियनशिप में भारत का यह दूसरा ओलंपिक कोटा है। इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश के लिए पहला कोटा हासिल किया था।
नीरज ने फाइनल में कुल 346.5 अंक हासिल किये। वे रजत पदक की दौड़ में भी बने हुए थे लेकिन अंतिम दौर में 9.4 अंक का निशाना लगाने के कारण उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी (AIN) के रूप में हिस्सा ले रहे दिमित्री पिमेनोव ने 362.8 अंक के विश्व जूनियर रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि स्लोवाकिया के पैट्रिक जानी ने रजत पदक जीता।
पिमेनोव और जानी ने भी लॉस एंजिलिस ओलंपिक के कोटा हासिल किये। फाइनल में पहुंचे भारत के एक अन्य निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 323.7 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
भारतीय निशानेबाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरज, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल श्योराण की तिकड़ी ने एलिमिनेशन चरण में कुल 1,751 अंक हासिल किये। भारतीय टीम महज एक अंक से रजत पदक जीतने से चूक गयी। नॉर्वे ने 1,752 अंकों के साथ रजत, जबकि चेक गणराज्य ने 1,754 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। टीम स्पर्धा में नीरज ने 582, ऐश्वर्य ने 587 और अखिल ने 582 अंक जुटाकर भारत को तीसरे स्थान तक पहुंचाया।