MOC ने शीर्ष भारतीय टेनिस खिलाड़ियों को वित्तीय मदद दी

भारतीय खेल प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले MOC की 169वीं बैठक के दौरान यह मंजूरी दी गई
MOC ने शीर्ष भारतीय टेनिस खिलाड़ियों को वित्तीय मदद दी
Published on


नयी दिल्ली : मिशन ओलंपिक सेल (MOC) ने भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ियों युकी भांबरी और सुमित नागल के लिए गुरुवार को लगभग 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की, जबकि इस साल होने वाले एशियाई खेलों और डेविस कप के मुकाबलों की पुख्ता तैयारियों के लिए उदीयमान खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश को टारगेट एशियाई खेल ग्रुप (TAGG) में शामिल किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले MOC की 169वीं बैठक के दौरान यह मंजूरी दी गई।


वर्तमान में युगल में विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज भांबरी को फरवरी और सितंबर 2026 के बीच अभ्यास और प्रतियोगिता कार्यक्रम के लिए 28.89 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस धनराशि में 33 सप्ताह के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में ATP और ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में भांबरी की भागीदारी के साथ-साथ पेशेवर अभ्यास से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी नागल को मार्च से अक्टूबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभ्यास और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए 27.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

MOC ने दक्षिणेश्वर को TAGG में शामिल करने की भी सिफारिश की। इसके लिए एशियाई खेलों में भारत के लिए एक मजबूत एकल और युगल विकल्प के रूप में उनकी क्षमता का हवाला दिया गया। इस युवा खिलाड़ी ने विश्व रैंकिंग में शीर्ष 200 में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ छह मैच जीते हैं। उन्होंने फरवरी में नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर में भारत की जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। दक्षिणेश्वर को जोड़ने के बाद TAGG में शामिल टेनिस खिलाड़ियों की संख्या 12 हो गई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in