मार्टिनेज मानसिक तौर पर ज्यादा मजबूत : गुरप्रीत

गुरप्रीत के अनुसार विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना की अपेक्षाकृत कमजोर रक्षापंक्ति स्पेन के खिलाफ उसकी कमजोरी बन सकती है, जबकि दोनों गोलकीपरों के लिए सरल और संयमित खेल ही सफलता की कुंजी होगी
मार्टिनेज मानसिक तौर पर ज्यादा मजबूत : गुरप्रीत
Published on

मुंबई : भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू का मानना है कि अर्जेंटीना के एमिलियानो मार्टिनेज मानसिक मजबूती और अनुभव के मामले में उनाई सिमोन से आगे हैं, लेकिन स्पेन के गोलकीपर को मजबूत रक्षापंक्ति का बेहतर साथ मिल रहा है। अर्जेंटीना और स्पेन रविवार को होने वाले विश्व कप फाइनल में आमने-सामने होंगे। गुरप्रीत ने कहा कि दोनों टीमों के इन अहम गोलकीपरों के लिए सबसे जरूरी होगा कि वे कुछ असाधारण करने की कोशिश न करें और अपने खेल को सरल बनाए रखें।

गुरप्रीत ने एक बातचीत में कहा, ‘मानसिकता के मामले में मुझे लगता है कि मार्टिनेज काफी बेहतर हैं। लेकिन उनाई सिमोन के सामने मजबूत रक्षापंक्ति है जो काफी व्यवस्थित और मजबूत प्रणाली है।’ उन्होंने कहा, ‘स्पेन की रक्षापंक्ति इतनी अच्छी है कि उनाई सिमोन को कई बार लग सकता है कि उन्हें भी ज्यादा योगदान देना चाहिए। लेकिन गोलकीपर के तौर पर यह आपकी सबसे बड़ी गलतियों में से एक हो सकती है।’ भारतीय गोलकीपर ने कहा कि मार्टिनेज अपनी सीमाओं को अच्छी तरह जानते हैं और दोनों गोलकीपरों के लिए जरूरी होगा कि वे सरल खेल दिखाएं।

उन्होंने कहा, ‘मार्टिनेज एक ज्यादा समझदार गोलकीपर हैं। उन्हें पता है कि उनकी सीमाएं क्या हैं और वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेते। अनुभव और उम्र भी इसमें उनकी मदद करती है।’ गुरप्रीत ने कहा, ‘मैं एक गोलकीपर के तौर पर सबसे पहली चीज यही सोचूंगा कि खेल को सरल रखा जाए। ऐसा कुछ न किया जाए जिससे दूसरों की गलतियों को सुधारने की कोशिश में खुद परेशानी खड़ी हो जाए।’

गुरप्रीत ने फाइनल में स्पेन को दावेदार बताया और कहा कि अर्जेंटीना की रक्षापंक्ति उसकी कमजोरी हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘अर्जेंटीना की रक्षापंक्ति थोड़ी कमजोर नजर आयी है। उन्होंने काफी गोल खाए हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि वे क्लीन शीट (गोल रहित) रख पाएंगे। मेरा मानना है कि स्पेन अतिरिक्त समय में जीत हासिल कर सकता है।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in