Asia cup : भारत को जल्द ही मिलेगी ट्रॉफी - देवजीत सैकिया

एशिया कप विवाद के बाद से ही ट्रॉफी दुबई स्तिथ आईसीसी मुख्यालय में रखी हुई है
Asia cup trophy
Published on: 

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने दुबई में आईसीसी की बैठक के इतर पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात के बाद बताया कि भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर गतिरोध दूर करने में कामयाब रहे हैं और आने वाले दिनों में इसका कोई उचित समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा।

सैकिया ने कहा, ‘दूसरे पक्ष के पास भी विकल्प होंगे और हम इस मुद्दे को सुलझाने और सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के विकल्प भी देंगे।‘ ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि इस विवाद को सुलझाने के लिए आईसीसी एक विवाद समाधान समिति गठित करेगी लेकिन बीसीसीआई सचिव ने ऐसे किसी फैसले से इनकार किया।

भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से किया था इंकार

नकवी एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने भारत को एशिया कप ट्रॉफी नहीं सौंपी क्योंकि विजेता भारतीय टीम ने उनके भारत विरोधी रवैए के कारण उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 28 सितंबर को दुबई में हुए टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराया था।

एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है ट्रॉफी

ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में रखी हुई है और वहां के कर्मचारियों को नक़वी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना इसे कहीं और नहीं ले जाया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारतीयों को यह सर्वोच्च पुरस्कार उनसे ही स्वीकार करना होगा।

क्या था पूरा मामला

गौरतलब है कि एशिया कप के दौरान दोनों टीमें तीन बार भिड़ीं और सभी मैचों में तनाव चरम पर रहा। पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए भारत ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने की नीति अपनाई। तनाव बढ़ने के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खुलेआम आपत्तिजनक हाव-भाव के माध्यम से एक-दूसरे का मजाक उड़ाया जिसके लिए उन पर जुर्माना भी लगाया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in