

सिलीगुड़ी : युवा कांग्रेस के देशव्यापी 'बेटर सिटी' अभियान के तहत सिलीगुड़ी शहर में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हुए हैं। इस अभियान के अंग के रूप में सिलीगुड़ी शहर के संकल्प के तहत दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रोहित तिवारी के नेतृत्व में शुक्रवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 27, वार्ड नंबर 1, वार्ड नंबर 4 एवं वार्ड नंबर 7 में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
रोहित तिवारी ने स्वयं सभी चारों वार्डों में जा कर स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और क्षेत्र में मौजूद बुनियादी समस्याओं का मौके पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़क की खराब स्थिति, पेयजल की समस्या, नालियों की सफाई एवं जल निकासी की समस्या तथा जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने की शिकायतें सामने आईं। वार्ड नंबर 27, वार्ड नंबर 1, वार्ड नंबर 4 और वार्ड नंबर 7 में रोहित तिवारी ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित समस्याओं को चिन्हित किया।
उन्होंने कहा कि, आम नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरी नालियां और स्वच्छ वातावरण मिलना जरूरी है। इस दौरान 'बेटर सिटी' अभियान के पर्यवेक्षक कोमल राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, सिलीगुड़ी विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष फैज़ आलम, उपाध्यक्ष समीर, महासचिव शंकर चौधरी तथा दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष पियूष सिंह राय समेत अन्य युवा कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।
रोहित तिवारी ने कहा कि युवा कांग्रेस के 'बेटर सिटी' अभियान के तहत 'बेटर सिलीगुड़ी' अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर आम लोगों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान चिन्हित समस्याओं को संबंधित प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान की मांग की जाएगी।दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस की ओर से आने वाले दिनों में भी सिलीगुड़ी के अन्य वार्डों में निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही गई है।