

सिलीगुड़ी : यंग इंडियंस (सिलीगुड़ी चैप्टर) की ओर से ''यंग आंट्रेप्रेन्योर्स समिट-2026'' का भव्य आयोजन शनिवार शाम होटल कोर्टयार्ड बाइ मैरिअट में किया गया। इसमें नूडल्स किंग ''वाई-वाई'' संचालक कंपनी समूह सीजी कॉर्प ग्लोबल के प्रबंध निदेशक वरूण चौधरी ने सिलीगुड़ी व उत्तर बंगाल समेत पड़ोसी देश नेपाल के युवा उद्यमियों का उद्यमिता और औद्योगिक विकास के अपने अनुभव से ज्ञानवर्धन कर समृद्ध किया। उन्होंने कहा कि, सिलीगुड़ी व उत्तर बंगाल की भौगोलिक स्थिति इतनी अद्भुत है कि यहां हर तरह के विकास के साथ ही साथ उद्यमिता व औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं। इस दिशा में युवाओं को आगे आना चाहिए। मैं उन्हें बस यही कहूंगा कि, आप सपने बड़े देखें। उसके बाद उसे पूरा करने के लिए मेहनत व लगन अपने आप आ जाएंगे। फिर, दुनिया आपके कदमों में होगी।
वहीं, प्रॉफिट फर्स्ट के संस्थापक संजय कथूरिया और बिजनेस कोच यूनुस ने भी युवा उद्यमियों को उद्यमिता विकास के एक से बढ़ कर एक गुर बताए। ''स्टे हंगरी, स्टे फूलिश'' पुस्तक ख्याति प्राप्त करने वाली देश की जानी-मानी लेखिका रश्मि बंसल ने भी युवा उद्यमियों को मंत्र दिया कि, हर नया कुछ करने वाले को दुनिया बुद्धू कहती है। मगर, ऐसी अनेक मिसालें हैं कि शुरुआत में जिन्हें बुद्धू समझा गया उन्होंने अपने नवाचार, अपनी मेहनत व लगन से कामयाबी का ऐसा झंडा गाड़ा कि उन्हें बुद्धू कहने वाली दुनिया ने फिर उनकी बुद्धि का लोहा माना। उन्होंने युव उद्यमियों से यह भी कहा कि, असफलता से न डरें। असफलता के डर से सफलता की कोशिश ही न करना मूर्खता है। उन्होंने अनेकों उदाहरण देकर युवा उद्यमियों का मार्गदर्शन करते हुए उत्साहवर्धन किया।
उपरोक्त आयोजन के बारे में यंग इंडियंस (सिलीगुड़ी चैप्टर) के चेयरमैन पीयूष केजरीवाल ने कहा कि, हमारे सिलीगुड़ी व उत्तर बंगाल के युवा उद्यमियों का ज्ञानवर्धन हो, उत्साहवर्धन हो और वे देश-दुनिया के अग्रणी उद्यमियों के अनुभवों को सुन कर, देख कर कुछ सीख पाएं व अपने क्षेत्र में कुछ बड़ा कर दिखाएं, इसी उद्देश्य से यंग इंडियंस (सिलीगुड़ी चैप्टर) ने यंग आंट्रेप्रेन्योर्स समिट'' की पहल की है। उद्यमी, उद्यमिता, उद्यम व औद्योगिक विकास की दिशा में यह सिलसिला चलता रहेगा।