यामबुंग में बीमार पर्यटक को एसएसबी जवानों ने तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान कर बचाया

यामबुंग में बीमार पर्यटक को एसएसबी जवानों ने तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान कर बचाया
Published on: 

युक्साम : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं बटालियन, युक्सम के जवानों ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए यामबुंग सीमा चौकी के निकट एक बीमार पर्यटक को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 नवम्बर को 10 पर्यटकों, तीन पोर्टरों और एक गाइड का दल नयापाताल से यामबुंग होते हुए लामपोखरी की ओर ट्रेकिंग कर रहा था। इसी दौरान यामबुंग सीमा चौकी (बीओपी) के निकट कोलकाता निवासी 42 वर्षीय पर्यटक जयदीप मित्र को सांस लेने में परेशानी होने लगी। साथ ही उनका रक्तचाप भी काफी बढ़ गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यामबुंग सीमा चौकी पर तैनात एसएसबी जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई। फिलहाल पर्यटक की स्थिति स्थिर बताई गई है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी यामबुंग सीमा चौकी के प्रभारी ने फोन के माध्यम से उप कमांडेंट (ऑपरेशन) मेघनाथ राउत को दी। इसके बाद कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी नारायण राम खड़ाव की अनुमति से पर्यटक की स्वास्थ्य स्थिति और आसपास ठहरने की उचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मानवीय आधार पर रातभर सीमा चौकी में ठहरने की अनुमति दी गई। उनके अगले दिन सुबह लौटने की संभावना है।

एसएसबी की ७२वीं बटालियन मुख्यालय, युक्सम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जवानों की इस त्वरित कार्रवाई ने उनके कर्तव्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता और मानवीय प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है। एसएसबी के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ संकट की घड़ी में नागरिकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए भी सदैव तत्पर रहते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News