छठ घाट के निकट पहुंचा जंगली हाथी

घाट के पास घूमता हाथी
घाट के पास घूमता हाथी
Published on

कालचीनी: लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान मंगलवार सुबह अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी प्रखंड स्थित बसरा छठ घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी अचानक घाट के पास पहुंच गया। यह घटना तब घटी जब श्रद्धालु उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में व्यस्त थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे के आसपास बक्सा टाइगर रिजर्व के जंगल से भटककर एक वयस्क हाथी बसरा नदी किनारे आ गया। हाथी को देखकर पूजा में व्यस्त व्रतधारियों और दर्शनार्थियों में भगदड़ मच गई। महिलाएं और बच्चे इधर-उधर भागने लगे। कुछ श्रद्धालुओं ने नदी किनारे बने अस्थायी मंचों और दुकानों की ओर भागे, जबकि कई लोग सुरक्षित स्थान की तलाश में दौड़ पड़े।

हालांकि, मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पाया। वनकर्मियों ने सायरन बजाकर और पटाखे चलाकर हाथी को डराया, जिसके बाद हाथी धीरे-धीरे जंगल की ओर लौट गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हुई। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हाथी अक्सर बक्सा टाइगर रिजर्व से निकलकर बसरा नदी के किनारे घूमता रहता है। चूँकि बसरा घाट जंगल के बेहद करीब है, इसलिए हर साल छठ पूजा के दौरान वन विभाग विशेष सतर्कता बरतता है। इस बार भी सोमवार शाम से ही वनकर्मी इलाके में गश्त पर तैनात थे, क्योंकि हाथी की गतिविधि पहले से ही महसूस की जा रही थी। सौभाग्य से किसी के घायल होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। श्रद्धालुओं ने वनकर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए राहत की सांस ली।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in