आवास योजना के नाम पर ठगी मामले में उदयन गुहा को 6 दिन की पुलिस हिरासत

स्वास्थ्य जांच कराते उदयन गुहा
स्वास्थ्य जांच कराते उदयन गुहा
Published on

कूचबिहार: हाउसिंग स्कीम के तहत घर दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने के आरोप में गिरफ्तार उदयन गुहा को गुरुवार को दिनहाटा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पेशी के दौरान दिनहाटा पुलिस थाना, महकुमा अस्पताल और अदालत परिसर के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, उदयन गुहा को बुधवार को कोलकाता के फूलबागान स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार सुबह लगभग 5:10 बजे ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें दिनहाटा पुलिस स्टेशन लाया गया।

प्रदर्शन के दौरान आरोपी के खिलाफ अंडे, चप्पल और झाड़ू लेकर नारेबाजी

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही थाना परिसर में स्थानीय लोगों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अंडे, चप्पल और झाड़ू लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने उन्हें हेलमेट पहनाकर थाना से अस्पताल और फिर अदालत तक पहुंचाया। अदालत परिसर में भी नारेबाजी और विरोध जारी रहा।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कई लोगों से पैसे लेने की पुष्टि, रकम 4 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान

पुलिस के अनुसार, गोपा दास साहा नामक महिला, जो आरोपी के घर काम करती थी, के पति गोपाल साहा ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर उनसे 45 हजार रुपये लिए गए थे। इस संबंध में 11 जून को दिनहाटा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा ‘शिशु मंगल समिति’ के नाम पर भी कई लोगों से पैसे लेने के आरोप सामने आए हैं। कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक जसप्रीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि कई लोगों से आवास योजना के नाम पर धन लिया गया है। अब तक जांच में चार करोड़ रुपये से अधिक की वसूली का अनुमान है। सरकारी वकील संजय बर्मन के अनुसार, वर्ष 2016 में चेयरमैन रहते हुए आरोपी पर लगभग 2,220 लोगों से आवास योजना के नाम पर चार करोड़ रुपये से अधिक लेने का आरोप है। दिनहाटा भाजपा नेता शबाना खातून ने कहा कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन जनता का आक्रोश कथित अन्याय के कारण है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in