तीन दुकानों में तोड़फोड़ के बाद आगजनी, इलाके में दहशत

तीन दुकानों में तोड़फोड़ के बाद आगजनी, इलाके में दहशत
Published on

इस्लामपुर: उत्तर दिनाजपुर के करणदिघी थाना क्षेत्र के बलिया बस स्टैंड इलाके में मंगलवार देर रात बदमाशों ने नेशनल हाईवे-12 के किनारे स्थित एक के बाद एक तीन दुकानों में कथित तौर पर तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। घटना में दुकानों में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात अचानक एक दुकान में आग लगी दिखाई दी। खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और दुकान के अंदर रखा कई सामान जल गया।

एक किराना दुकान के मालिक ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि फ्रिज समेत दुकान में रखा कई सामान आग की चपेट में आ चुका था। दुकानदार के अनुसार, आगजनी में करीब तीन लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

बुधवार सुबह मौके पर पहुंचने पर तीनों दुकानों में तोड़फोड़ के निशान मिले। कहीं सामान बिखरा पड़ा था तो कहीं दुकान के अंदर का हिस्सा पूरी तरह जलकर काला हो गया था। घटना की खबर फैलने के बाद सुबह से ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बस स्टैंड के समीप और राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है। दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी किसने की तथा इसके पीछे क्या वजह थी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही करणदिघी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रभावित दुकानदारों ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in