

सिलीगुड़ी : आसन्न रंगों के त्योहार होली को लेकर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर नॉर्थ-ईसट फ्रंटियर (एनएफ) रेलवे द्वारा चार जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं को फरवरी-मार्च माह के दौरान बढ़ा दिया गया है। इसके तहत ट्रेन 07046 सिकंदराबाद - नाहरलगुन साप्ताहिक स्पेशल को 27 फरवरी तक के लिए बढ़ाया गया है।
जबकि वापसी में, ट्रेन 07047 नाहरलगुन - सिकंदराबाद साप्ताहिक स्पेशल को 2 मार्च तक के लिए बढ़ाया गया है। इसी तरह, ट्रेन 03129 कोलकाता टर्मिनल - न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक स्पेशल को 28 फरवरी तक के लिए बढ़ाया गया है। वापसी में, ट्रेन 03130 न्यू जलपाईगुड़ी - कोलकाता टर्मिनल साप्ताहिक स्पेशल को 1 मार्च तक के लिए बढ़ाया गया है।
ऐसे ही, ट्रेन संख्या 09189 मुंबई सेंट्रल - कटिहार साप्ताहिक स्पेशल के परिचालन को 28 मार्च तक बढ़ाया गया है, जो प्रति शनिवार को चलती है। ट्रेन की बढ़ाई गई परिचालन अवधि 21 फरवरी से प्रभावी है। वापसी में, ट्रेन 09190 कटिहार - मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल के परिचालन को 24 फरवरी से 31 मार्च तक बढ़ाया गया है, जो प्रति मंगलवार को चलती है। इसी तरह, ट्रेन 04614 अमृतसर - कटिहार साप्ताहिक स्पेशल को 25 फरवरी से 5 मार्च तक बढ़ाया गया है, जो प्रति बुधवार को चलती है। वापसी में, ट्रेन 04613 कटिहार - अमृतसर साप्ताहिक स्पेशल के परिचालन को 27 फरवरी से 7 मार्च तक बढ़ाया गया है, जो प्रति शुक्रवार को चलती है।
एनएफ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा की ओर से विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गई है। कहा गया है कि, इन ट्रेन सेवाओं की अवधि बढ़ने से उक्त रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों के वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को लाभ होगा। देश के पूर्वोत्तर, पूर्वी और उत्तरी भाग के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जिससे यात्रियों का आवागमन सुलभ होगा और क्षेत्रीय एकीकरण और विकास में मदद मिलेगी। इन ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी का विवरण आईआरसीटीसी के वेबसाइट और एनएफआर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर उपलब्ध हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले विवरणों की जांच कर लें।