

गुवाहाटी : सिक्किम के लोक वाद्ययंत्र आधारित बैंड नाद फ्यूजन ने गुवाहाटी में आयोजित नॉर्थ-ईस्ट स्टार–द अल्टीमेट म्यूजिक टैलेंट हंट के ग्रैंड फिनाले में दूसरा रनर-अप स्थान हासिल कर सिक्किम का नाम रोशन किया।
टोयोटा के शीर्ष प्रायोजन में आयोजित इस संगीत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सिक्किम चैप्टर का ऑडिशन 6 सितंबर को गंगटोक के आदमपुल स्थित टॉपसेल टोयोटा शोरूम में आयोजित किया गया था, जिसमें कुल 32 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। ऑडिशन के बाद नाद फ्यूजन और सुमीत गजमेर को ग्रैंड फिनाले के लिए सिक्किम का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयनित किया गया।
पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभाशाली फाइनलिस्टों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में नाद फ्यूजन ने दूसरा रनर-अप स्थान हासिल किया। नाद फ्यूजन में प्रीतम राज छेत्री बांसुरी, बिनोद दर्जी सारंगी, निमेश शर्मा गिटार और डम्बर घतानी परकशन संभालते हैं, जबकि नरेन बरदेवा बैंड के मेंटर हैं। प्रतियोगिता में नागालैंड के स्टेरियो ग्रुप ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि मेघालय के पैशन बैंड ने प्रथम रनर-अप स्थान प्राप्त किया।
विजेता, प्रथम रनर-अप और द्वितीय रनर-अप को क्रमशः ₹1 लाख, ₹50 हजार और ₹30 हजार की नकद राशि के साथ ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। सभी फाइनलिस्टों को भी स्मृति चिह्न और ₹10 हजार की सांत्वना राशि प्रदान की गई।
नॉर्थ-ईस्ट स्टार अल्टीमेट म्यूजिक टैलेंट हंट के सिक्किम चैप्टर के राज्य समन्वयक श्याम प्रधान ने कहा कि नाद फ्यूजन की उपलब्धि पूर्वोत्तर के मंच पर सिक्किम की वाद्य एवं लोक-फ्यूजन संगीत प्रतिभा को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।