

इस्लामपुर : करणदिघी बीडीओ कार्यालय परिसर में मंगलवार को पूर्व विधायक गौतम पाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हंगामा हो गया। आरोप है कि कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक का महिलाओं के एक समूह ने विरोध किया और इसी दौरान उन पर अंडे फेंके गए। घटना के बाद परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गौतम पाल मंगलवार को काफी समय बाद करणदिघी बीडीओ कार्यालय पहुंचे थे। उन्हें देखते ही कुछ महिलाएं एकत्र होकर विरोध करने लगीं। महिलाओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना आक्रोश जताया। स्थिति बिगड़ती देख पूर्व विधायक वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उन पर अंडे फेंके जाने का आरोप है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध के बीच वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दौरान पूर्व विधायक के कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए। घटना से कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच भी हलचल मच गई।
बताया जाता है कि हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार विराज विश्वास से हार के बाद गौतम पाल इलाके में कम ही नजर आ रहे थे। लंबे समय बाद उनके करणदिघी पहुंचने पर स्थानीय लोगों के एक वर्ग के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि, प्रदर्शन के पीछे की वजह को लेकर गौतम पाल की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। घटना की सूचना मिलते ही करणदिघी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में परिसर में तनाव कम हुआ। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।