प्रशिक्षु अधिकारियों का आधारभूत प्रशिक्षण सम्पन्न

एसआईआरडी एंड पीआर में राज्य सिविल सेवा और वित्त एवं लेखा सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षु अधिकारियों का आधारभूत प्रशिक्षण सम्पन्न
Published on: 

गंगटोक : राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एसआईआरडी एंड पीआर), करफेक्टार, जोरथाङ में राज्य सिविल सेवा (एससीएस) तथा सिक्किम वित्त एवं लेखा सेवा (एसएफ एंड एएस) के वर्ष 2025-26 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों का आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के सम्मेलन कक्ष में समापन समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में सिक्किम सरकार के पंचायती राज विभाग के सचिव एवं एसआईआरडी एंड पीआर के अध्यक्ष दुष्यन्त परियार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने अपने मुख्य सम्बोधन में प्रशिक्षु अधिकारियों को जनसेवा के प्रति विनम्र, संवेदनशील और जवाबदेह बने रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एसआईआरडी एंड पीआर के विशेष सचिव-सह-निदेशक बिशाल मुखिया ने स्वागत सम्बोधन देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर से 7 नवम्बर तक आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक अवधारणाओं को जमीनी वास्तविकताओं से जोड़ना था। इसमें ग्रामीण विकास, पंचायती राज व्यवस्था, विकेन्द्रीकृत योजना, नेतृत्व क्षमता तथा प्रभावी जनसेवा पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के तहत प्रशिक्षु अधिकारियों को नाम्फिङ ग्राम पञ्चायत, गेजिङ जिला पञ्चायत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (विकास) कार्यालय तथा युक्सोम खण्ड प्रशासनिक केन्द्र में क्षेत्रीय प्रशिक्षण एवं संस्थागत अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। इस दौरान निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संवाद के माध्यम से उन्होंने विकास योजनाओं, प्रशासनिक समन्वय, वित्तीय प्रक्रियाओं और जनसेवा वितरण की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा जिला कलेक्टरों के साथ आयोजित पैनल चर्चा भी रहा। इसमें गेजिङ के जिला कलेक्टर-सह-जिला दण्डाधिकारी तेन्जिङ डी. डेन्जोङ्पा, सोरेङ के जिला कलेक्टर धीरज सुबेदी तथा नाम्ची की जिला कलेक्टर-सह-जिला दण्डाधिकारी अनुपा तमलिङ ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। चर्चा में जिला प्रशासन, विकास समन्वय, जनशिकायतों के निवारण तथा निर्णय लेने की प्रक्रियाओं पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों के लिए अग्निशमन अभ्यास, रॉक क्लाइम्बिङ, नदी राफ्टिङ, पदयात्रा, फुटबॉल, बैडमिन्टन तथा पर्यटन स्थलों के भ्रमण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में टीम भावना, आत्मविश्वास, तत्परता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना था।

इस अवसर पर एसआईआरडी एंड पीआर तथा सीड सेल के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी औपचारिक हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य उद्यमिता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को मजबूत करना है। सीड सेल के अध्यक्ष डॉ. राज लामा ने ‘एसआईआरडी एंड पीआर-सीड सेल साझेदारी के माध्यम से सिक्किम में उद्यमिता को बढ़ावा’ विषय पर अपने विचार रखे।

समारोह में प्रशिक्षु अधिकारियों ने ‘क्षेत्र से सीख: ग्रामीण प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियां’ विषय पर अपने अनुभव और प्रस्तुतियां साझा कीं। उन्होंने क्षेत्रीय प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारियों, संस्थागत अनुभवों तथा स्थानीय समुदायों के साथ संवाद से मिली सीख को प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि दुष्यन्त परियार ने अपने तीन दशक से अधिक के प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि अधिकारियों को हमेशा विनम्र, सहज और आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

एसआईआरडी एंड पीआर के निदेशक बिशाल मुखिया ने मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तामाङ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास एवं पञ्चायती राज से जुड़े प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संस्थान को सौंपना महत्वपूर्ण अवसर रहा। समारोह के अन्त में एसआईआरडी एंड पीआर की अतिरिक्त निदेशक चन्द्रकला राय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News