

सिलीगुड़ी : शहर में पार्किंग फीस वसूली का मुद्दा फिर गरम हो उठा है। सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा जारी किए गए पार्किंग जोन के टेंडरों व अनुमति की मियाद बीते 31 मार्च 2026 को ही पूरी हो चुकी है। उसके बाद विधानसभा चुनाव और फिर सिलीगुड़ी नगर निगम बोर्ड के भंग के जाने के मद्देनजर अब तक नया टेंडर जारी नहीं हुआ है। इसके बावजूद विभिन्न पार्किंग जोन में पूर्व के अनुमति धारक ठेकेदारों द्वारा धड़ल्ले से पार्किंग फीस वसूली ज रही है। इसके लिए बाजाब्ता सिलीगुड़ी नगर निगम की रसीद भी दी जा रही है। मगर, उसके असली/नकली होने व पार्किंग फीस वसूली से प्राप्त रकम के नगर निगम के राजस्व अथवा कहीं और। फिर, कहीं-कहीं रसीद भी नहीं दी जा रही है। इन सबको लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को सेवक रोड व हिलकार्ट रोड इलाके में माहौल गर्म उठा। कुछ लोगों ने पार्किंग फीस वसूलने पर आपत्ति जताई। इसे लेकर पार्किंग फीस वसूलने वाले व्यक्ति प्रसेनजीत देवनाथ से जब पूछा गया तो उसने कहा कि, उसके ठेकेदार की ओर से कहा गया है इसीलिए वह पार्किंग फीस वसूल रहा है। हालांकि, जबरन नहीं वसूल रहा है। जो देते हैं, देते हैं, जो नहीं देते हैं, नहीं देते हैं। फिर, यही उसकी रोजी-रोटी है। वह और कुछ नहीं कर सकता इसीलिए लोगों की रजामंदी से उनकी गाड़ियों की देखरेख के चंद पैसे जो कि दिन भर में 300-400 रुपये बनते हैं वही कमा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि, अविलंब इस पूरे मामले की सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा पड़ताल की जाए व दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।