सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने PM से की मुलाकात

प्रधानमंत्री से बातचीत करते सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने पीएम
प्रधानमंत्री से बातचीत करते सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने पीएम
Published on

गंगटोक : सिक्किम के लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मुद्दों को उठाया। बैठक के दौरान सांसद ने सिक्किम के 12 वंचित समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने, विधानसभा में एसटी आरक्षण, बेहतर सड़क संपर्क, उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना और पाकयोंग हवाईअड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों की बहाली जैसी मांगें प्रधानमंत्री के सामने रखीं। सांसद सुब्बा ने सिक्किम के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने हाल ही में राज्य में हुई सुरंग दुर्घटना को लेकर प्रधानमंत्री को राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी तथा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में लिम्बू और तमांग समुदायों सहित 12 समुदायों को एसटी सूची में शामिल करने तथा सिक्किम विधानसभा में जनजातीय प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा सांसद ने तीस्ता घाटी के समानांतर ग्रीनफील्ड राजमार्ग, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सर्व-मौसम सड़क संपर्क, पाकयोंग हवाईअड्डे से नियमित उड़ानों की शुरुआत, सिक्किम में आईआईटी परिसर और निफ्ट की स्थापना की मांग भी रखी। सांसद ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से सिक्किम में विकास, संपर्क व्यवस्था और युवाओं के लिए शिक्षा व रोजगार के अवसरों को नई दिशा मिलेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in