कालचीनी: पहाड़ी क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। पहाड़ों में सौंदर्यीकरण, विभिन्न स्थानों पर रोपवे का निर्माण, नई सड़कों का विकास और पेयजल व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं को गति देने की बात राज्यमंत्री विशाल लामा ने कही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दार्जिलिंग समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा। गौरतलब है कि बुधवार को उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्यमंत्री विशाल लामा को पहाड़ों की जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात कही थी। इसके बाद गुरुवार को कालचीनी के भाटपाड़ा चाय बागान स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। विशाल लामा ने कहा, माननीय मुख्यमंत्री ने मुझ पर भरोसा करके बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मैं पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सभी कार्यों को पूरा करने का प्रयास करूंगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद केंद्र और राज्य, दोनों जगह भाजपा की सरकार होने का लाभ आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। मंत्री के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करते रहे हैं। सरकार अब इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ों के विकास के लिए एक नया खाका तैयार किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में रोपवे का निर्माण, नई सड़कों का विकास, पेयजल व्यवस्था और पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री के साथ बैठक भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पहाड़ों के विभिन्न हिस्सों में रोपवे निर्माण और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों के विकास की योजना है। विशाल लामा ने कहा कि पहाड़ों के विकास को लेकर सरकार के पास कई योजनाएं और परिकल्पनाएं हैं। आने वाले दिनों में दार्जिलिंग समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य होने की उम्मीद है।