

मिरिक : मिरिक के एक होटल में गोर्खालैंड बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन की ओर से मिरिक महकमा बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन का गठन किया गया। कार्यक्रम में गोर्खालैंड बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन के महासचिव संजय छेत्री, सांगठनिक सचिव रवि प्रधान (कालिम्पोंग) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सौरज जिम्बा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मिरिक महकमा के लिए नई कार्यसमिति का गठन किया गया। इसमें अरबिन सुब्बा को अध्यक्ष, उपेन गिरी और आशीष तामांग को उपाध्यक्ष चुना गया। दावा तामांग को सचिव, सोनाम भुटिया को संयुक्त सचिव तथा सर्वज्ञ राई को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। अमित प्रधान को संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मिरिक क्षेत्र में बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस गतिविधियों को और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। नई कार्यसमिति के गठन के साथ स्थानीय युवाओं को फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता जताई गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मिरिक महकमा में बॉडी बिल्डिंग एवं फिटनेस से जुड़े युवाओं और खिलाड़ियों को एकजुट कर उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। नई कमेटी क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रतिभाओं को आगे लाने पर भी काम करेगी।