कार्तिक पाल के घर पहुंचे सुकांत मजूमदार

सौजन्य मुलाकात में उत्तर दिनाजपुर के विकास पर चर्चा, शिक्षा-रेल समेत कई मुद्दों पर हुआ विचार-विमर्श
कार्तिक पाल के घर पहुंचे सुकांत मजूमदार
Published on

कालियागंज : केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री एवं बालुरघाट के सांसद डॉ. सुकांत मजूमदार ने रविवार को कालियागंज स्थित रायगंज के सांसद कार्तिक चंद्र पाल के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के उत्तर दिनाजपुर जिला अध्यक्ष निमाई कविराज भी मौजूद रहे। आवास पर पहुंचने पर कार्तिक पाल की पत्नी मिठू पाल ने पुष्पगुच्छ देकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों से मुलाकात और तस्वीर खिंचवाने का सिलसिला हुआ। दोनों नेताओं की यह मुलाकात मुख्य रूप से सौजन्य भेंट थी, लेकिन बातचीत के दौरान जिले से जुड़े कई अहम विषय भी सामने आए।

मुलाकात के दौरान उत्तर दिनाजपुर की शिक्षा व्यवस्था, रेलवे सेवा, सड़क एवं संपर्क व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। सांसद कार्तिक चंद्र पाल के अनुसार, जिले के लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रेल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अलावा जिले की आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों को भी आगे बढ़ाने की जरूरत है। विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने की बात भी सामने आई।

कार्तिक चंद्र पाल ने कहा कि उत्तर दिनाजपुर के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और केंद्रीय योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। वहीं, सुकांत मजूमदार के कालियागंज पहुंचने से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। हालांकि, नेताओं की ओर से मुलाकात को सौजन्य भेंट ही बताया गया। इसके बावजूद जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर दोनों सांसदों के बीच हुई बातचीत को स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने महत्वपूर्ण बताया। मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्यों और पार्टी पदाधिकारियों के बीच भी कुछ देर बातचीत हुई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in