

कर्सियांग : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की ओर से रविवार को दार्जिलिंग में कर्सियांग और दार्जिलिंग क्षेत्र के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ गवर्निंग बॉडी (जीबी) बैठक आयोजित की गई। बैठक में माकपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम भी मौजूद रहे।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मोहम्मद सलीम ने दार्जिलिंग पहाड़ सहित राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार दशकों से पहाड़ समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को अलग-अलग मुद्दों और वादों के नाम पर राज्य की मौजूदा तथा पूर्ववर्ती सरकारों और केंद्र सरकार की ओर से गुमराह किया जाता रहा है।
सलीम ने कहा कि अब धीरे-धीरे पहाड़ समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लोग यह समझने लगे हैं कि जनता और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कौन-सी राजनीतिक पार्टी वास्तव में गंभीर है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इंटरलोक्यूटर की नियुक्ति, नई कमेटी सहित विभिन्न मुद्दों के नाम पर पहाड़ के लोगों को लगातार गुमराह किया जा रहा है। उनके अनुसार, राजनीतिक मुद्दों के बीच दार्जिलिंग पहाड़ की मूलभूत समस्याएं और जनता के वास्तविक सवाल पीछे छूट गए हैं।
सलीम ने एसआईआर समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भी भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की जनता के वास्तविक अधिकार, विकास और लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं का समाधान होना चाहिए। इसके लिए राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।