गंगटोक: सिक्किम के यांगांग निवासी एवं असम राइफल्स में सेवारत मेजर विकास राई को आतंकवाद विरोधी अभियान में अदम्य साहस, प्रभावी नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के लिए स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर प्रतिष्ठित ‘सेना मेडल (गैलेंट्री)’ से सम्मानित किया गया। अरुणाचल प्रदेश में तैनात मेजर राई ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक छोटी टीम का नेतृत्व करते हुए अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने असाधारण साहस और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया, जबकि दूसरे को गिरफ्तार किया गया। अभियान में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए। मेजर राई को इससे पहले गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ कमेंडेशन कार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी यह उपलब्धि सिक्किम के लिए गौरव का विषय है और उनका साहस एवं सेवा-समर्पण राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।