दासपाड़ा महिला एसोसिएशन ने लगाया रक्तदान और नेत्र जांच शिविर

दासपाड़ा महिला एसोसिएशन ने लगाया रक्तदान और नेत्र जांच शिविर
Published on

रक्तदान से लेकर आंखों की जांच तक, चोपड़ा के दसपाड़ा महिला एसोसिएशन ने रविवार को सामाजिक पहल करते हुए रक्तदान और नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। दसपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब परिसर में आयोजित शिविर में सुबह से ही आसपास के इलाकों के लोगों की भीड़ जुटने लगी। शिविर में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोगों की आंखों की नि:शुल्क जांच भी की गई। आयोजकों ने बताया कि जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान होगी, उनकी नि:शुल्क सर्जरी कराने की व्यवस्था की जाएगी।

शिविर में एकत्रित रक्त को इस्लामपुर उपजिला अस्पताल के ब्लड बैंक में भेजा जाएगा। आयोजकों के अनुसार, रक्त की जरूरत वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में इस तरह के शिविर मददगार साबित होते हैं। वहीं, आंखों की जांच के जरिए ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिविर के आयोजन में दसपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब और नागरिक शांति रक्षा मंच ने सहयोग किया। इस्लामपुर सिस्टर्स एंड ब्रदर्स सोसाइटी की ओर से भी आयोजन में सहयोग दिया गया।

कार्यक्रम में चोपड़ा थाने के आईसी केशव बराल, पुलिसकर्मी, समाजसेवी बापन दास और इलाके के खेलप्रेमी रौशन आलम समेत कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े रहना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने रक्तदान और नि:शुल्क नेत्र जांच जैसी पहल की सराहना की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in