LPG वितरकों का जंतर-मंतर पर धरना 26 को

LPG वितरकों का जंतर-मंतर पर धरना 26 को
Published on

सिलीगुड़ी : LPG वितरण कारोबार से जुड़ी समस्याओं को लेकर देशभर के वितरकों ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। शनिवार को सेवक रोड स्थित सुमितेल सेंट्रल पार्क होटल एंड बैंक्वेट में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एलडीएआई) की पश्चिम बंगाल इकाई की बैठक और प्रेस इंटरेक्शन में वितरकों ने अपनी विभिन्न मांगें सामने रखीं। बैठक में 26 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देने की घोषणा की गई।

वितरकों का कहना है कि लंबे समय से कमीशन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि कर्मचारियों, परिवहन और कारोबार से जुड़े अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। उनका आरोप है कि मौजूदा कमीशन में कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कमीशन संशोधन को लेकर देशभर के वितरक लंबे समय से मांग उठा रहे हैं।

बैठक में PNG कनेक्शन को बढ़ावा दिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वितरकों का कहना है कि यदि LPG उपभोक्ताओं को PNG की ओर स्थानांतरित किया गया और LPG कनेक्शन सरेंडर कराए गए, तो इसका सीधा असर उनके कारोबार और उससे जुड़े कर्मचारियों की आजीविका पर पड़ेगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उसकी आपत्ति PNG के खिलाफ नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को LPG से PNG की ओर मजबूरन स्थानांतरित करने की नीति को लेकर है।

वितरकों ने e-KYC जैसे अतिरिक्त कार्यों के लिए भुगतान की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि ऐसे काम की जिम्मेदारी वितरकों पर है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त आर्थिक प्रतिपूर्ति नहीं मिल रही है। एसोसिएशन ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। 26 अक्टूबर का प्रस्तावित जंतर-मंतर धरना इसी दिशा में अगला कदम होगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in