‘कंचनजंघा’ पत्रिका का अरुणाचल प्रदेश विशेषांक नए कलेवर और अद्यतन स्वरूप में प्रकाशित

‘कंचनजंघा’ पत्रिका का अरुणाचल प्रदेश विशेषांक नए कलेवर और अद्यतन स्वरूप में प्रकाशित
Published on: 

गंगटोक : साहित्यिक पत्रिका ‘कंचनजंघा’ का अरुणाचल प्रदेश पर केंद्रित विशेषांक नए कलेवर एवं अद्यतन स्वरूप में पाठकों के लिए प्रकाशित किया गया है। ३७३ पृष्ठों के इस विशेषांक में अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, भाषिक और साहित्यिक विरासत को व्यापक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

इस विशेषांक को सार्थक और समग्र स्वरूप प्रदान करने में अतिथि संपादक डॉ. राजीव रंजन प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके संपादकीय योगदान, निरंतर सक्रियता, प्रतिबद्धता और समर्पण के लिए ‘कंचनजंघा’ पत्रिका समूह ने विशेष आभार व्यक्त किया है।

विशेषांक में अरुणाचल प्रदेश की बहुरंगी सांस्कृतिक चेतना, भाषाई विविधता, साहित्यिक वैभव, कला, संस्कृति, अनुवाद, रचनात्मक अभिव्यक्तियों और समृद्ध मौखिक परंपराओं को समाहित किया गया है। इसके माध्यम से राज्य की लोकस्मृतियों, सांस्कृतिक अस्मिता, भाषाओं और बोलियों की जीवंत दुनिया को पाठकों के सामने लाने का प्रयास किया गया है।

पत्रिका समूह के अनुसार, यह विशेषांक केवल अरुणाचल प्रदेश का परिचय प्रस्तुत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वहां की मिट्टी की महक, लोकजीवन की संवेदनाओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक साहित्यिक परिप्रेक्ष्य में समझने का एक आत्मीय प्रयास है।

पत्रिका समूह ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह विशेषांक अरुणाचल प्रदेश की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहर से पाठकों को परिचित कराने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के बीच साहित्यिक संवाद, संवेदना और रचनात्मक आदान-प्रदान का नया सेतु बनेगा।

विशेषांक को पढ़ने और डाउनलोड करने के लिए पाठक पत्रिका की आधिकारिक वेबसाइट https://kanchanjangha.in पर जा सकते हैं। पत्रिका समूह ने साहित्यप्रेमियों और पाठकों से अंक के संबंध में अपनी प्रतिक्रियाएं, सुझाव एवं आलोचनात्मक टिप्पणियां साझा करने की अपील भी की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News