

सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के माटीगाड़ा ब्लॉक स्थित एक निजी होटल में शनिवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बंगाल, बिहार, असम और उत्तर प्रदेश के 85 नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सौंपे गए। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।कार्यक्रम के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, रोजगार मेला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि सरकारी नौकरी मिलने का लाभ केवल उनके व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के विकास में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने युवाओं से जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में आयोजित इस रोजगार मेले में चार राज्यों के युवाओं की मौजूदगी ने उत्तर बंगाल में रोजगार के अवसरों को लेकर भी ध्यान खींचा। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सिलीगुड़ी आसपास के कई जिलों और राज्यों के युवाओं के लिए रोजगार तथा शिक्षा का प्रमुख केंद्र है।कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने एक उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी के सवाल पर कहा कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई निर्दोष है तो उसे डरने की जरूरत नहीं है, जबकि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में दोष साबित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।